
शहीदों के बलिदान को कभी नहीं भूलना चाहिए, देश के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनें और अपने कर्तव्यों का निष्ठा से पालन करें : शीतल
माउंट लिट्रा पब्लिक स्कूल में जालियांवाला बाग दिवस पर भावुक हुआ विद्यालय परिसर
बेगूसराय । माउंट लिट्रा पब्लिक स्कूल में जालियांवाला बाग हत्याकांड की स्मृति में एक अत्यंत भावुक एवं प्रेरणादायक प्रातःकालीन सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के सभी विद्यार्थी एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उन शहीदों की स्मृति में दो मिनट के मौन से कार्यक्रम की शुरुआत हुई जिन्होंने 13 अप्रैल 1919 को अमृतसर के जालियांवाला बाग में अपनी जान गंवाई थी। बैसाखी के पावन दिन जनरल डायर द्वारा निहत्थे भारतीयों पर चलाई गई गोलियों ने इतिहास में एक काला अध्याय जोड़ दिया था। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने अपने प्रभावशाली भाषणों के माध्यम से इस घटना के महत्व को समझाया और बताया कि यह हत्याकांड भारत के स्वतंत्रता संग्राम का एक काला दिन होने के साथ साथ एक महत्वपूर्ण मोड़ भी साबित हुआ। संगीत शिक्षक के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने समूह में आओ बच्चे तुम्हें दिखाएं झांकी हिंदुस्तान की गीत प्रस्तुत किया जिसने पूरे वातावरण को देशभक्ति से ओत प्रोत कर दिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण जालियांवाला बाग हत्याकांड पर आधारित एक मार्मिक नाटक रहा। इस नाटक में विद्यार्थियों ने 1919 की उस घटना को सजीव रूप में प्रस्तुत किया जब ब्रिटिश सरकार द्वारा लागू किए गए रॉलेट एक्ट के विरोध में अमृतसर के स्वर्ण मंदिर के समीप स्थित जालियांवाला बाग में एक शांतिपूर्ण सभा आयोजित की गई थी।
नाटक में दिखाया गया कि कैसे जनरल डायर अपने सैनिकों के साथ वहां पहुंचा एकमात्र संकरे रास्ते को बंद कर दिया और निहत्थे लोगों पर गोलियां चलाने का आदेश दे दिया। बच्चों की इस प्रस्तुति ने सभी को भावुक कर दिया। विद्यालय की प्राचार्या डॉ शीतल देवा ने कहा कि हमें अपने देश के शहीदों के बलिदान को कभी नहीं भूलना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे देश के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनें और अपने कर्तव्यों का निष्ठा से पालन करें। विद्यालय के निदेशक डॉ मनीष देवा ने कहा कि जालियांवाला बाग की घटना हमें यह सिखाती है कि आजादी कितने संघर्ष और बलिदान के बाद मिली है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे देश के विकास में अपना योगदान देने के लिए सदैव तैयार रहें और देश के प्रति अपने कर्तव्यों को समझें। यह प्रातःकालीन सभा अत्यंत भावुक प्रेरणादायक एवं देशभक्ति से परिपूर्ण रही जिसने सभी के मन में शहीदों के प्रति गहरा सम्मान और गर्व की भावना को और प्रबल किया।CONTACT FOR NEWS & ADD-7903657987
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक











