
कैंप का उद्देश्य: विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ साथ खेल कला संस्कृति एवं जीवन कौशल से जोड़ना है ताकि बच्चों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया जा सके : सुमन सौरभ
उड़ान इंटरनेशनल स्कूल केशावे में समर कार्निवल कैंप का भव्य शुभारंभ
बेगूसराय । जिले के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान उड़ान इंटरनेशनल स्कूल में दिनांक 24 मई रविवार को समर कार्निवल कैंप 2026 का शुभारंभ अत्यंत भव्य उत्साहपूर्ण एवं रोमांचकारी वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विद्यालय के चेयरमैन सह मटिहानी विधायक नरेंद्र कुमार सिंह थे। कार्यक्रम का प्रारंभ विद्यालय के छात्र छात्राओं द्वारा आकर्षक बैंड बाजे एवं अनुशासित एस्कॉर्ट दल के साथ विधायक सिंह के स्वागत से हुआ। विद्यालय के हेड बॉय एवं हेड गर्ल के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने मुख्य अतिथि को गरिमापूर्ण ढंग से एस्कॉर्ट करते हुए मंच तक पहुंचाया। पूरे विद्यालय परिसर में उत्साह उल्लास एवं गौरव का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। तत्पश्चात मुख्य अतिथि द्वारा विधिवत भूमि पूजन दीप प्रज्वलन एवं मशाल प्रज्वलित कर समर कार्निवल कैंप 2026 का उद्घाटन किया गया। उद्घाटन उपरांत विद्यालय के हेड बॉय एवं हेड गर्ल ने प्रज्ज्वलित मशाल के साथ विद्यालय मैदान का परिभ्रमण किया। इस रोमांचकारी दृश्य को देखकर उपस्थित छात्र छात्राओं ने तालियों की गड़गड़ाहट से पूरे वातावरण को उत्साहवर्धक ऊर्जावान एवं आनंदमय बना दिया। विद्यालय परिसर देशभक्ति अनुशासन एवं उमंग के भाव से गुंजायमान हो उठा। समर कार्निवल कैंप 24 से 29 मई तक आयोजित किया जाएगा जिसमें कक्षा 1 से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए विविध सांस्कृतिक शैक्षणिक खेलकूद एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया है। छोटे बच्चों के लिए थिएटर डे क्ले मॉडलिंग मिथिला पेंटिंग एवं डांस प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी जबकि वरिष्ठ वर्ग के विद्यार्थियों के लिए “Maithili Glimpse” के अंतर्गत मिथिला की संस्कृति इतिहास लोकगीत पारंपरिक व्यंजन एवं वर्चुअल टूर जैसी विशेष गतिविधियाँ आकर्षण का केंद्र रहेंगी। खेल प्रतियोगिताओं के अंतर्गत उद्घाटन दिवस पर प्रथम मुकाबला सैफायर हाउस एवं एमेरल्ड हाउस के बीच सीनियर बॉयज़ क्रिकेट मैच के रूप में आयोजित किया गया जबकि दूसरे सत्र में टोपाज़ हाउस एवं रूबी हाउस के मध्य सीनियर बॉयज़ वॉलीबॉल प्रतियोगिता संपन्न हुई। विद्यालय के चारों हाउस टोपाज़ सैफायर एमेरल्ड एवं रूबी के मध्य जूनियर एवं सीनियर वर्ग में बालक एवं बालिका टीमों के पृथक पृथक मुकाबले पूरे कार्निवल के दौरान आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन सह विधायक नरेंद्र कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यालय शिक्षा के साथ साथ बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण नेतृत्व क्षमता एवं सांस्कृतिक चेतना के विकास का केंद्र होना चाहिए। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के भीतर आत्मविश्वास अनुशासन एवं टीम भावना का विकास करते हैं।

विद्यालय के निदेशक सुमन सौरभ ने कहा कि
समर कार्निवल कैंप का उद्देश्य विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ साथ खेल कला संस्कृति एवं जीवन कौशल से जोड़ना है ताकि बच्चों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया जा सके।
विद्यालय के प्रधानाचार्य सीमांतो राय ने अपने वक्तव्य में कहा कि विद्यालय सदैव विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध रहा है। यह कार्निवल बच्चों के भीतर छिपी सृजनात्मक क्षमता एवं नेतृत्व कौशल को निखारने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा। कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर विद्यालय के उप प्रधानाचार्य अमित कुमार पांडे एवं उप प्रधानाचार्या गार्गी चौधरी ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

इस अवसर पर विद्यालय परिवार के सभी शिक्षकगण कर्मचारीगण एवं अन्य सदस्य उपस्थित थे। पूरे आयोजन ने विद्यालय परिसर को उत्साह अनुशासन ऊर्जा एवं सांस्कृतिक गरिमा से आलोकित कर दिया।
CONTACT FOR NEWS & ADD – 7903657987
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक











