
ब्रह्माकुमारीज़ की कई टीमें मिलकर चलाएंगी नशामुक्ति अभियान, प्रखंड के विद्यालयों में हुआ शुभारंभ
26 नवंबर तक पूरे जिले में चरणबद्ध तरीके से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे
विद्यार्थियों को नशे के नुकसान बताना नहीं बल्कि स्वस्थ जीवनशैली नैतिक मूल्यों और नशामुक्त समाज के निर्माण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना
बेगूसराय । बिहार को नशामुक्त बनाने के संकल्प के साथ प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की ओर से नशामुक्ति जन जागरूकता अभियान चलाया गया। विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के साथ साथ सभी को नशामुक्त जीवन जीने तथा अपने परिवार और समाज को भी नशे से दूर रखने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापक एवं शिक्षक भी सक्रिय रूप से शामिल थे। आने वाले दिनों में ब्रह्माकुमारीज़ की कई टीमें मिलकर जिले के अन्य प्रखंडों के विद्यालयों में भी यह अभियान संचालित करेंगी। आगामी 26 नवंबर तक पूरे जिले में चरणबद्ध तरीके से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यह अभियान बिहार सरकार के मद्य निषेध उत्पाद एवं निबंधन विभाग तथा प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के बीच हुए समझौता ज्ञापन एमओयू के आलोक में पूरे राज्य में चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी के ज्ञापांक 1915 जिला कार्यक्रम पदाधिकारी प्रारंभिक शिक्षा एवं सर्व शिक्षा अभियान के पत्रांक मीडिया/2335 के निर्देशों के अनुरूप विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। जिला कार्यक्रम पदाधिकारी द्वारा 13 नवंबर को जारी पत्र के माध्यम से भी विद्यालयों में कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए आवश्यक दिशा निर्देश एवं विद्यालयों की सूची उपलब्ध कराई गई है। अभियान के अंतर्गत 17 से 25 नवंबर तक निर्धारित युवा जोश कार्यक्रम के तहत माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों में नशामुक्ति जन जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जानी हैं।
डीईओ मनोज कुमार एवं जिला कार्यक्रम पदाधिकारी कुमार अनुभव प्रारंभिक शिक्षा एवं सर्व शिक्षा अभियान के मार्गदर्शन एवं सहयोग से इस अभियान को विद्यालय स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा रहा है। विद्यालयों में प्री बोर्ड परीक्षाएं भी संचालित हो रही हैं। इसलिए शिक्षा विभाग के निर्देशों और परीक्षा की महत्ता को ध्यान में रखते हुए विद्यालय प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। विद्यार्थियों की पढ़ाई एवं परीक्षा प्रभावित न हो इसके लिए परीक्षा से पहले परीक्षा के बाद अथवा बीच के उपलब्ध समय में संक्षिप्त जागरूकता सत्र रखे जा रहे हैं। ब्रह्माकुमारीज़ की प्रशिक्षित टीमें विद्यालयों में विद्यार्थियों को शराब तंबाकू गुटखा गांजा एवं अन्य नशीले पदार्थों के शारीरिक मानसिक पारिवारिक और सामाजिक दुष्परिणामों की जानकारी दे रही हैं। साथ ही राजयोग मेडिटेशन सकारात्मक चिंतन आत्म अनुशासन और अच्छे संस्कारों के माध्यम से नशे से दूर रहने की प्रेरणा दी जा रही है। इस अभियान का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को नशे के नुकसान बताना ही नहीं बल्कि युवा पीढ़ी में स्वस्थ जीवनशैली नैतिक मूल्यों और नशामुक्त समाज के निर्माण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है।CONTACT FOR NEWS & ADD – 7903657987
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक











