
खेल विद्यार्थियों के भीतर नेतृत्व क्षमता अनुशासन धैर्य एवं आत्मविश्वास विकसित करने का सबसे प्रभावी माध्यम : सुमन सौरभ
उड़ान इंटरनेशनल स्कूल के समर कार्निवल कैंप में खेल प्रतिभाओं का दिखा अद्भुत जौहर क्रिकेट
वॉलीबॉल मुकाबलों ने बांधा समां
बेगूसराय । जिले के प्रतिष्ठित एवं उदीयमान शैक्षणिक संस्थान उड़ान इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित समर कार्निवल कैंप के अंतर्गत गुरुवार की सायंकालीन खेल प्रतियोगिताएं रोमांच ऊर्जा उत्साह एवं खेल भावना का अनुपम संगम बनकर उभरीं। विद्यालय परिसर खिलाड़ियों के जोश दर्शकों की तालियों एवं प्रतिस्पर्धात्मक उत्साह से देर शाम तक गूंजता रहा। खेल मैदान में विद्यार्थियों ने अनुशासन आत्मविश्वास एवं टीम भावना का ऐसा उत्कृष्ट प्रदर्शन किया जिसने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया। सायंकालीन प्रतियोगिताओं का मुख्य आकर्षण सीनियर बॉयज क्रिकेट प्रतियोगिता रही जिसमें रूबी हाउस एवं टोपाज़ हाउस के बीच बेहद रोमांचक मुकाबला खेला गया। टोपाज़ हाउस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए रूबी हाउस ने निर्धारित 12 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 79 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी टोपाज़ हाउस की टीम खिलाड़ियों के संघर्षपूर्ण प्रयासों के बावजूद 12 ओवरों में सभी विकेट गंवाकर मात्र 73 रन ही बना सकी जबकि रूबी हाउस ने 6 रनों से शानदार एवं यादगार विजय अपने नाम की। मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कक्षा 9 के प्रतिभाशाली खिलाड़ी आदित्य राज ने अपने शानदार खेल कौशल से सभी को प्रभावित किया तथा उन्हें मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। वहीं गर्ल्स क्रिकेट प्रतियोगिता ने पूरे आयोजन में विशेष आकर्षण उत्पन्न किया।
एमेरल्ड हाउस एवं टोपाज़ हाउस की संयुक्त टीम का मुकाबला सैफायर हाउस एवं रूबी हाउस की संयुक्त टीम से हुआ। सैफायर एवं रूबी हाउस की संयुक्त टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए निर्धारित 8 ओवरों में 3 विकेट के नुकसान पर 97 रनों का प्रभावशाली स्कोर बनाया एवं छात्राओं ने आत्मविश्वास संयम एवं उत्कृष्ट खेल कौशल का शानदार परिचय दिया। इस मुकाबले में वैष्णवी कुमारी ने 37 रनों की शानदार पारी खेलकर सभी का ध्यान आकर्षित किया जिन्हें मैन ऑफ द मैच के सम्मान से नवाज़ा गया। बेटियों के दमदार प्रदर्शन ने दर्शकों को उत्साह एवं गर्व से भर दिया। इसके अतिरिक्त सीनियर बॉयज वॉलीबॉल प्रतियोगिता में एमेरल्ड हाउस एवं सैफायर हाउस के बीच जबरदस्त मुकाबला खेला गया। प्रथम राउंड में एमेरल्ड हाउस ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए 25 अंक हासिल किए जबकि सैफायर हाउस 15 अंकों तक ही पहुंच सका। दूसरे राउंड में भी एमेरल्ड हाउस ने अपनी श्रेष्ठ लक्ष्य कायम रखते हुए 25 अंक प्राप्त किए जबकि सैफायर हाउस ने 19 अंक अर्जित किए।
लगातार प्रभावशाली प्रदर्शन के बल पर एमेरल्ड हाउस ने मुकाबले में शानदार जीत दर्ज की। खिलाड़ियों के सामंजस्य तेज़ रणनीति एवं जोशीले खेल ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। विद्यालय के निदेशक सुमन सौरभ ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के भीतर नेतृत्व क्षमता अनुशासन धैर्य एवं आत्मविश्वास विकसित करने का सबसे प्रभावी माध्यम है। आज विद्यार्थियों विशेष रूप से छात्राओं ने जिस ऊर्जा एवं समर्पण के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है वह अत्यंत प्रेरणादायक एवं गर्व का विषय है। विद्यालय सदैव बच्चों की प्रतिभा को नई ऊँचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा। विद्यालय के प्रधानाचार्य सीमांतो राय ने कहा कि समर कार्निवल कैंप केवल एक आयोजन नहीं बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का सशक्त मंच बन चुका है। खेल गतिविधियां बच्चों के भीतर सहयोग अनुशासन प्रतिस्पर्धात्मक भावना एवं आत्मबल का विकास करती हैं। आज के सभी मुकाबलों में विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट खेल भावना एवं अनुशासन का परिचय देकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया है।CONTACT FOR NEWS & ADD 7903657987
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक











