क्षेत्र का वास्तविक विकास तभी संभव है जब युवाओं को शिक्षा कौशल और आत्मनिर्भरता के अवसर उपलब्ध कराए जाएं : जयदीप घोष 

व्यक्ति की आत्मनिर्भरता उसके परिवार को सशक्त बनाने के साथ धीरे धीरे पूरे समाज को मजबूत बनाती है  
एनटीपीसी बरौनी द्वारा प्रायोजित कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ 
बेगूसराय । एनटीपीसी बरौनी द्वारा आसपास के समाज के उत्थान एवं सामुदायिक विकास के तहत युवाओं के कौशल विकास की दिशा में एक और पहल की गई है। केंद्रीय पेट्रोकेमिकल्स इंजीनियरिंग एवं तकनीकी संस्थान सीआईपीईटी हाजीपुर के सहयोग से आयोजित निःशुल्क आवासीय कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत मशीन ऑपरेटर प्लास्टिक प्रोसेसिंग ट्रेड में चयनित 23 युवाओं के प्रशिक्षण का शुभारंभ सीआईपीईटी परिसर हाजीपुर में किया गया। परियोजना प्रमुख जयदीप घोष ने चयनित सभी अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि किसी क्षेत्र का वास्तविक विकास तभी संभव है जब युवाओं को शिक्षा कौशल और आत्मनिर्भरता के अवसर उपलब्ध कराए जाएं। एनटीपीसी बरौनी द्वारा इससे पूर्व भी आसपास के गांवों की लड़कियों एवं महिलाओं के लिए सिलाई कढ़ाई और ब्यूटीशियन जैसे रोजगारपरक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। वर्तमान प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए कुल 52 अभ्यर्थियों ने चयन प्रक्रिया में भाग लिया था जिनमें से सीआईपीईटी की विशेषज्ञ टीम द्वारा साक्षात्कार के बाद 23 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। चयनित अभ्यर्थियों को चार माह की अवधि में कुल 600 घंटे का आवासीय प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान संबंधित ट्रेड में तकनीकी एवं व्यावहारिक ज्ञान के साथ उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल विकसित किया जाएगा।
प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद सीआईपीईटी द्वारा प्रतिभागियों को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों के लिए मार्गदर्शन तथा देश के विभिन्न स्थानों पर स्थित कंपनियों में प्लेसमेंट के लिए सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी। परियोजना प्रमुख ने युवाओं से प्रशिक्षण के दौरान पूरी लगन एवं अनुशासन के साथ सीखने और व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त करने का आह्वान किया। श्री घोष ने कहा कि कौशल रोजगार के साथ आत्मनिर्भरता का आधार है। एक व्यक्ति की आत्मनिर्भरता उसके परिवार को सशक्त करती है और धीरे धीरे पूरे समाज को मजबूत बनाती है। उन्होंने हाजीपुर की टीम के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मौके पर कार्यक्रम में सीआईपीईटी के निदेशक एवं प्रमुख डॉ यू पी सिंह एवं टीम तथा एनटीपीसी बरौनी की ओर से डी एस कुमार अपर महाप्रबंधक मानव संसाधन और केशरी नंदन मिश्र उप महाप्रबंधक सीएसआर भी उपस्थित थे।
CONTACT FOR NEWS & ADD – 7903657987
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक

जवाब जरूर दे 

[poll]

Related Articles