
मिशन शक्ति के अंतर्गत संचालित जिले में स्थित वन स्टॉप सेन्टर में दर्ज 241 मामलों में से 193 का किया निष्पादन : डीएम
152 मामले घरेलू हिंसा से संबंधित, जिले की पांच पंचायतों में संचालित है नारी अदालत
बेगूसराय । मिशन शक्ति के अंतर्गत संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक डीएम रिची पाण्डेय की अध्यक्षता में कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित की गई। बैठक में महिला एवं बाल विकास निगम तथा समाज कल्याण विभाग द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं के संरक्षण विकास और सशक्तीकरण के लिए संचालित संबल एवं सामर्थ्य उप योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान बताया गया कि माह अप्रैल से 22 अक्टूबर तक जिले में स्थित वन स्टॉप सेन्टर में दर्ज 241 मामलों में से 193 का निष्पादन किया गया है। इनमें 152 मामले घरेलू हिंसा से संबंधित थे। पीड़ितों के लिए 531 परामर्श सत्र आयोजित किए गए, जिसमें 56 मामलों में विधिक परामर्श दिया गया तथा 29 मामलों में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। बखरी स्थित अतिरिक्त वन स्टॉप सेन्टर में भी 24 मामलों में से पांच का निष्पादन किया गया है। शक्ति सदन के माध्यम से 101 महिलाओं एवं 10 बच्चों का पुनर्वास किया गया है वहीं जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वीमेन के तहत 67 सखी वार्ता और 38 डोर टू डोर कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया। जिले की पांच पंचायतों में नारी अदालत संचालित है। समाहरणालय एवं पुलिस लाइन के पालनाघरों में भी कामकाजी महिलाओं के बच्चों की देखभाल की व्यवस्था है। सामाजिक पुनर्वास कोष से 21 पीड़ितों को कुल 2 लाख 10 हजार रुपये की सहायता दी गई है। उन्होंंने निर्देश दिया कि हिंसा पीड़ित महिलाओं एवं बालिकाओं को त्वरित विधिक सहायता स्वास्थ्य सेवा और मनोवैज्ञानिक परामर्श उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने तथा सखी वार्ता एवं नारी अदालत का विस्तार ग्रामीण क्षेत्रों तक सुनिश्चित करने पर जोर दिया। मौके पर बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव एवं अवर न्यायाधीश करुणानिधि प्रसाद आर्या डीपीओ आईसीडीएस रश्मि कुमारी सिविल सर्जन डॉ अशोक कुमार जिला शिक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार सहायक निदेशक दिव्यांगजन सशक्तीकरण कोषांग अभिजीत सोनल सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
CONTACT FOR NEWS & ADD – 7903657987
नोट- प्रसारित समाचार की जिम्मेवारी प्रेस की नहीं है तथा विज्ञापनों की प्रामाणिकता से प्रेस का कोई सबंध नहीं है – संपादक











